फिलीपींस का सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, 17 लोगों की मौत, 40 लोग बचाए गए

फिलीपींस का एक सैन्य विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में में 92 लोग सवार थे, जिसमें तीन पायलट और पांच अन्य चालक दल के सदस्य शामिल थे। बाकी सेना के जवान थे। अब तक 17 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 40 लोगों को बचा लिया गया है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है। समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार रक्षा मंत्री डेल्फ़िन लोरेंजाना ने यह जानकारी दी है।

इससे पहले देश के सेना प्रमुख ने जानकारी दी थी कि लॉकहीड सी -130 के जलते हुए मलबे से कम से कम 40 लोगों को बचा लिया गया है। यह हादसा सुलु प्रांत के जोलो द्वीप में लैंडिंग के वक्त हुआ। उन्होंने कहा कि बचाव दल दुर्घटना स्थल पर मौजूद है। हम प्रार्थना कर रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके।

सशस्त्र बलों के प्रमुख सिरिलिटो सोबेजाना ने कहा कि विमान दक्षिणी कागायन डी ओरो शहर से सैनिकों को ले जा रहा था। सुलु के मुस्लिम बहुल प्रांत में सरकारी बल दशकों से अबू सय्याफ़ के चरमपंथियों के संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। विमान रनवे पर लैंड करने से चूक गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

सोबेजाना ने कहा कि विमान में सवार कम से कम 40 लोगों को अस्पताल लाया गया और सेना बाकी को बचाने की कोशिश कर रही है। समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार एबीएस-सीबीएन न्यूज द्वारा ट्विटर पर शेयर किए गए एक तस्वीर में टूटे हुए विमान के मलबे से धुआं और आग की लपटें निकलती दिख रही हैं।

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार फिलहाल यह भी यह स्पष्ट नहीं है कि यह विमान दुर्घटना किस कारण से हुई। मध्य फिलीपींस में बारिश हो रही है, लेकिन इस बात की जानकारी नहीं है कि सुलु क्षेत्र में मौसम प्रभावित हुआ है या नहीं। सुलु के मुख्य शहर जोलो में हवाई अड्डा एक पहाड़ी इलाके से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां सैनिकों ने अबू सय्यफ से लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ उग्रवादियों ने खुद को इस्लामिक स्टेट समूह से जोड़ लिया है।

संयुक्त राज्य अमेरिका और फिलीपींस ने अबू सय्याफ को बम विस्फोट, फिरौती अपहरण और सिर कलम करने के लिए एक आतंकवादी संगठन के तौर पर ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह वर्षों के सरकारी आक्रमणों से काफी कमजोर हो गया है, लेकिन एक खतरा बना हुआ है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here