ट्रेलर ने तीन दोस्तों को कुचला, दो की मौत, एक घायल

अमलीभौना बाईपास पर दर्दनाक हादसा
रायगढ़। जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। अमलीभौना बाईपास रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिसमें दो की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह तीनों युवक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रहने वाले थे और कोसमनारा स्थित बाबाधाम दर्शन के लिए निकले थे।

जानकारी के अनुसार, जनक साहू (19), भरत यादव (20) और तोषन चैहान बाइक से अमलीभौना बाईपास के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि जनक और भरत ट्रेलर के पिछले पहियों के नीचे आ गए।

हादसे में भरत यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जनक साहू को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरा युवक, तोषन चैहान गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।

यह हादसा तब हुआ जब तीनों युवक धार्मिक यात्रा पर निकले थे। इस घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की लापरवाह ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाईपास रोड पर स्पीड कंट्रोल और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here