जूटमिल कूली लाइन तिराहा पर मारपीट व लूटपाट करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कूली लाइन तिराहा पर 12 जुलाई की शाम हुए मारपीट और लूटपाट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी घटना को लेकर ग्राम उलखर, थाना सारंगढ़ निवासी गजानंद चंद्रा (22 वर्ष) द्वारा थाना जूटमिल में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पीड़ित ने बताया कि वह अपने मित्र हीरानंद यादव और विरेंद्र सिदार के साथ मोटरसाइकिल से केलो बिहार कॉलोनी के शिव मंदिर में आयोजित शिव पूजन में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद सभी मिलकर हीरापुर मिट्टूमुड़ा में गुरु पूजन के संबंध में चर्चा करने जा रहे थे कि शाम करीब 7.30 बजे समर्थ डेंटल हॉस्पिटल के पास अचानक एक स्कूटी सवार ने बिना संकेत दिए स्कूटी मोड़ दी, जिससे उनकी मोटरसाइकिल स्कूटी से टकरा गई। इस पर मोटरसाइकिल रोककर जब वे खड़े हुए, तो स्कूटी में बैठे दीपक सिंह और उसके साथी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वे क्षतिपूर्ति की बात करने लगे, लेकिन तभी दीपक सिंह राजपूत, आकाश सिंह, कृष्णा उर्फ बुलेट, सत्येंद्र सिंह, करण चैहान बंटी सिंह भी वहां आ पहुंचे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पैसे की मांग की और मना करने पर दीपक सिंह ने पीड़ित के शर्ट की जेब से 5000 नगद लूट लिए और सभी ने मिलकर पीड़ितों के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की।
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित के आवेदन पर धारा 126, 296, 115(2), 119(1), 309(6), 351(3), 191(2), 190 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की और नामजद सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी दीपक सिंह से लूट की 100 की रकम भी बरामद की गई।
झगड़ा छुडाने पहुंचे बंटी पर भी हो गई एफआईआर
जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुली लाईन के पास बीती रात हुई मारपीट की घटना के संदर्भ में प्रत्यक्षदर्शियों को कहना है कि मारपीट की घटना के वक्त क्षेत्र के युवा नेता बंटी सिंह भी मौके पर पहुंचे थे किंतु उन्होंने मारपीट करने वालों को समझाईश देकर हटाने का प्रयास किया किंतु पुलिस की एफआईआर में उनका भी नाम आरोपी के रूप में शामिल किये जाने के कारण क्षेत्र के युवाओं में पुलिस के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here