रायपुर. राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में शुक्रवार सुबह से ही शीतलहर (Sever Cold Wave) के साथ बारिश का दौर जारी है। इससे ठिठुरन बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए उत्तर छत्तीसगढ़ में यलो एलर्ट (हल्की से मध्यम बारिश) जारी किया है। अगले 48 घंटे तक बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को कोल्ड डे यानी शीत लहर रहेगी। इसके अलावा कुछ जगहों पर ओला वृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा शीत लहर से लेकर मध्यम बारिश की आशंका बनी हुई है।
ठंड और बारिश को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, कवर्धा, धमतरी, जशपुर, कोरिया जिलों में सरकारी और निजी स्कूलों में 3 और 4 जनवरी को अवकाश घोषित कर दिया है। अब स्कूल 6 जनवरी (सोमवार) को खुलेंगे। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा इन दिनों में संचालित कक्षा नौवीं एवं दसवीं की परीक्षाएं यथावत संपन्न होंगी।
इससे पहले शनिवार को विक्षोभ के असर से प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, कवर्धा, पेंड्रारोड, अंबिकापुर, महासमुंद, जशपुर और जगदलपुर सहित अन्य जगहों पर 10 से 24 मिली मीटर तक बारिश हुई। सर्द हवाओं से पूरा प्रदेश शीत लहर की चपेट में हैं, जिससे ठिठुरन गलन और बढ़ गई है।
मौसम विज्ञानी चंद्रा ने बताया कि पाकिस्तान में चक्रवाती परिसंचलन पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। मध्य समुद्रतल से 2.1 किमी से 3.1 किमी दक्षिण, पश्चिम राजस्थान से झारखंड तक द्रोणिका बनी हुई है।
रात का तापमान बढ़ा, दिन का घटा
हल्की से मध्यम बारिश होने और शीतलहर चलने से दिन के तापमान में गिरावट आई है, तो रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम यानी 21.8 डिग्री रहा, जबकि रात का तापमान 15.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। इसी तरह प्रदेश में सबसे कम तापमान पेंड्रारोड में 11.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था।



















