बहिष्कार खत्म करने के नाम पर 1 लाख ट्रांसफर कराने का आरोप, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ था मामला; आरोपी जेल भेजा गया
जशपुर। समाज से बहिष्कृत करने के बाद दोबारा समाज में शामिल करने के एवज में 2 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बटुराबहार में सामने आए इस मामले में पुलिस ने समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पीड़ित गोपाल बंजारा ने आरोप लगाया था कि समाज में पुनः शामिल करने के नाम पर उनसे रकम मांगी गई और एक लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर कराए गए। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
न्यायालय में पेश किया था परिवाद
पुलिस के अनुसार, ग्राम बटुराबहार निवासी गोपाल बंजारा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर आरोप लगाया था कि उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। दोबारा समाज में शामिल होने के लिए आवेदन करने पर तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा द्वारा उनसे पैसों की मांग की गई थी।
परिवाद के मुताबिक, समाज में दोबारा शामिल करने के लिए 2 लाख रुपए देने की बात कही गई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर 2022 को उनके एसबीआई खाते से फोन-पे के जरिए शेखर बंजारा के खाते में 60 हजार रुपए तथा उनके मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से 40 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके बाद भी रकम मांगे जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने न्यायालय का रुख किया।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के आदेश पर पहले थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला आगे की विवेचना के लिए पत्थलगांव पुलिस को सौंपा गया। यहां अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2), 3(5) तथा नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों की जानकारी जुटाकर आरोपी को पकड़ा
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई। इसके बाद नामजद आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा, पिता राजकुमार बंजारा, निवासी गौटियापारा, बटुराबहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर 13 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में नामजद अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा शामिल करने के नाम पर अवैध रूप से धन मांगने के मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। प्रकरण से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















