शोरूम की छत पर फंदे से लटका मिला युवती का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कपड़ा शोरूम में काम करती थी दीपा सागर, लापता होने के बाद परिजन करते रहे तलाश; शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने का दावा, CCTV फुटेज और CDR खंगाल रही पुलिस

जगदलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शोरूम में काम करने वाली दीपा सागर का शव शोरूम की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि युवती के शरीर पर चोट और नाखून के निशान थे। वहीं, सीसीटीवी फुटेज समय पर नहीं दिखाने को लेकर भी शोरूम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।

लापता होने के बाद शोरूम पहुंचे थे परिजन

परिजनों के मुताबिक, दीपा 21 अक्टूबर से शोरूम में काम करने जा रही थी। घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 बजे से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करते हुए शोरूम पहुंचे। काफी देर तक पूछताछ और तलाश के बावजूद उन्हें दीपा के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।

CCTV फुटेज नहीं दिखाने पर उठाए सवाल

परिजनों का आरोप है कि दीपा की तलाश के दौरान शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल नहीं दिखाई गई। बाद में उन्हें युवती का शव दिखाया गया। परिजनों ने शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने का दावा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए मौत को सामान्य आत्महत्या मानना उचित नहीं है। हालांकि, चोट के निशानों और मौत की परिस्थितियों की पुष्टि जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगी।

FSL टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस एफएसएल और फोटोग्राफर टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे युवती की मौत की सूचना मिली थी। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

CCTV और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ युवती के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here