इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी परिवार सहित गया था पैतृक गांव, घर लौटने पर बिखरा मिला सामान; 5 से 8 लाख रुपये नकद भी पार
रायपुर। राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के घर का ताला तोड़कर करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, लगभग 2 किलो चांदी के आभूषण और 5 से 8 लाख रुपये नकद पार कर दिए। कारोबारी परिवार सहित नवरात्रि मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा और अंदर सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार निवासी सीताराम गुप्ता के मकान के भूतल पर ‘केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान संचालित होती है। वे 19 अक्टूबर को मकान में ताला लगाकर परिवार सहित अपने पैतृक गांव खटखरी, जिला मऊगंज/रीवा (मध्य प्रदेश) गए थे। 2 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी का लॉक भी टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले। चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, हार, झुमकी और अंगूठियां शामिल हैं, ले गए। इसके अलावा करीब 2 किलो चांदी के जेवरात, जिनमें करधन, पायल, अधकमरी और बिछिया शामिल हैं, भी चोरी कर लिए।
दिवंगत बेटे की सहायता राशि भी ले गए चोर
पीड़ित के मुताबिक, चोर घर में रखे करीब 5 से 8 लाख रुपये नकद भी ले गए हैं। इसमें 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि थी। शेष रकम कारोबार से संबंधित बताई गई है। चोरी गई संपत्ति का पुलिस रिकॉर्ड में शुरुआती मूल्यांकन 7.50 लाख रुपये से अधिक बताया गया है। हालांकि, नकदी और जेवरात की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ित ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।

















