रायगढ़ में 5 जगह जुआ फड़ों पर पुलिस की दबिश, 18 जुआरी गिरफ्तार; 38,450 रुपए जब्त

कोतवाली, जूटमिल और पुसौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पंचधारी डेम से लेकर बाघाडोला और जकेला तक जुआ खेलते पकड़े गए आरोपी

रायगढ़, 5 नवंबर। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन अंकुश लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने 4 नवंबर को पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 38 हजार 450 रुपए नकद, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली, जूटमिल और पुसौर पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई की।

पंचधारी डेम के पास चार जुआरी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में पंचधारी डेम स्थित मंदिर के पास दबिश दी। यहां काट पत्ती नामक जुआ खेलते दीपंकर मित्रा उर्फ शुभम (32), सुभाष चन्द्र व्यापारी उर्फ आकाश (28), विक्की मंडल (40) और भास्कर दास (48) को पकड़ा गया। इनके पास से 23 हजार 200 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

जूटमिल पुलिस ने दो जगह की कार्रवाई

जूटमिल पुलिस ने निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में कयाघाट के बजरंगबली मंदिर के सामने जुआ खेलते विजय दास महंत, अक्षय भारद्वाज और जावेद अली को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1,980 रुपए मिले। वहीं बांझीनपाली के मनकेशरी मंदिर के सामने जुआ खेलते संजय कुमार पाण्डेय, उमेश आदित्य, कमलेश उर्फ भुरी यादव और एतवारी आदित्य को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 920 रुपए जब्त किए गए।

बाघाडोला और जकेला में सात जुआरी पकड़ाए

पुसौर पुलिस ने टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में ग्राम बाघाडोला पंचायत भवन के सामने दबिश देकर डिग्रीलाल चौहान, जपेश्वर चौहान और गोपाल चौहान को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2,150 रुपए और ताश की गड्डी जब्त हुई।

इसी तरह ग्राम जकेला खार के पास जुआ खेलते जगदीश साव, विद्याधर साव, सुशील प्रधान और नंद कुमार साव को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 10 हजार 200 रुपए नकद और ताश की गड्डी बरामद की गई।

पुलिस ने सभी 18 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here