रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धमतरी जिले में रेत माफियाओं द्वारा की गई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए धमतरी जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। बघेल ने कड़े शब्दों में कहा है कि पूरे प्रदेश में चाहे वह रेत का मामला हो या अन्य किसी भी तरह के माफिया को बर्दाश्त नही किया जाएगा, ऐसे प्रकरण संज्ञान में आने पर उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
अवैध रेत घाट और जनप्रतिनिधियों को मारपीट मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
इधर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अवैध रेत घाट संचालकों द्वारा धमतरी के जनप्रतिनिधियों से मारपीट करने के मामले में धमतरी पुलिस अधीक्षक बीएस राज भानु से फोन पर चर्चा कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मामला संज्ञान में आते ही एसपी को फोन पर आरोपियों को पकडऩे की लिए निर्देशित किया था जिसके बाद 15 में से सात आरोपियों को कल ही गिरफ्तार कर लिए गए थे, शेष आठ आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए गृह मंत्री ने एसपी को निर्देशित किया है ।
मंत्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ के शांतिप्रिय वातावरण को किसी अन्य प्रदेश से आए लोगों द्वारा दूषित करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में शांति और व्यवस्था कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू है और इसे भंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से पेश आएगा। गृह मंत्री ने प्रदेश सभी पुलिस अधीक्षकों को छत्तीसगढ़ में रेत सहित अन्य सभी तरह से माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने रेत खदानों में संलग्न लोगों का चरित्र सत्यापन करने के भी निर्देश दिए हैं।




















