कवर्धा पुलिस ने घुघरी रोड स्थित अटल आवास के एक कमरे से किया नशे का सामान बरामद….खबर है कि ओडिशा से यह गांजा प्रदेश और दूसरे राज्यों में खपाने के मकसद से लाया गया था
कवर्धा. पुलिस ने 25 लाख रुपए का गांजा पकड़ा है। माना जा रहा है कि कवर्धा जिले में ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। करीब 250 किलो गांजा पुलिस को मिला है। कबीरधाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस को कुछ वक्त पहले इस बात का इनपुट मिला था कि गांजे की बड़ी डील हो रही है। हम लगातार निगरानी कर रहे थे।
इसी बीच यह बात पता चली कि घुघरी रोड स्थित अटल आवास के एक मकान में गांजा रखा गया है। छापा मारने पर बड़ी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस के मुताबिक, यह गांजा एक पिकअप ट्रक में केलों के नीचे छुपाकर लाया गया था। तस्करों ने बड़ी ही चालाकी से केलों की बोरी के नीचे गांजा छुपाकर रखा था। गांजा ओडिशा से बस्तर और बस्तर से रायपुर होते हुए कवर्धा पहुंचा। सूत्रों की मानें तो गांजे को देश के बड़े राज्यों में भेजने की पूरी तैयारी थी।
इस मामले में पुलिस ने सुमित तिवारी, शाकिर खान, साजिद खान, शाहिद खान नाम के युवकों को गिरफ्तार किया है। इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश पुलिस कर रही है।
