बेमेतरा में धान खरीदी को लेकर भड़का किसानों का गुस्सा, एसडीएम को बनाया बंधक

संबलपुर स्थित खरीदी केंद्र के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे नवागढ़ एसडीएम डीआर डाहीरे
केंद्र में रखा हुआ धान खरीदी करने की मांग कर रहे हैं किसान, मौके पर पुलिस फोर्स तैनात

बेमेतरा. छत्तीसगढ़ के बेमतरा में किसानों ने नवागढ़ एसडीएम डीआर डाहीरे को बंधक बनाया हुआ है। एसडीएम शुक्रवार दोपहर धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। किसान केंद्र में रखे हुए धान की खरीद करने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है, लेकिन किसान हटने काे तैयार नहीं है। वहीं सूचना मिलने के बाद भी कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा है। इस संबंध में कलेक्टर से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

नवागढ़ एसडीएम डीआर डाहीरे शुक्रवार दोपहर को संबलपुर स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान 20 फरवरी तक खरीदे गए धान के टोकन और बारिश के चलते भीगे न नुकसान का भौतिक सत्यापन कर रहे थे। एसडीएम के आने की सूचना किसानों को लगी तो वह भी समिति पहुंच गए। वहां किसान एसडीएम से मांग करने लगे कि केंद्र में जितना धान रखा हुआ है उसकी तौल कराकर खरीदा जाए। इसके रुपयों का भुगतान किया जाए।

इसको लेकर एसडीएम ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हैं। सूचना मिलने के बाद जिले के कई थानों से पुलिस बल मौके पर भेजा गया है। हालांकि किसी उच्चाधिकारी के नहीं पहुंचने के कारण बात अटकी हुई है। दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में इस बात के लिए आश्वस्त किया था कि केंद्र में रखे धान को खरीदा जाएगा। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह आदेश अभी तक बेमेतरा में अफसराें के पास नहीं पहुंचा है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here