रायगढ़ 18 अगस्त2021/ जिले में लाईवलीहुड के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार आजीविका मूलक कार्यों को विस्तार दिया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को स्वरोजगार की प्राप्ति हो तथा उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। जिसके अंतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों का कलेक्टर श्री भीम सिंह ने लाईवलीवुड बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। साथ ही अब तक हुये कार्य प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
शासन की महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जिले भर में चल रहे आजीविका मूलक कार्यों की समीक्षा की गई। जिसके अंतर्गत मल्टी एक्टीविटी सेंटर, वनधन केन्द्र, पशुपालन,उद्यानिकी जैसे विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक के माध्यम से जिले की मॉडल गोठान एवं मल्टी एक्टिविटी सेंटर की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने मल्टी एक्टिविटी सेंटर के धीमी निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने मॉडल गौठानों में कम से कम पांच एक्टीविटी संचालित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिसके तहत उन मल्टी एक्टिविटी सेंटर में संचालित होने वाली गतिविधियों को लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों को संबंधित उपकरण एवं जरूरी संसाधन की पूर्ति के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा स्वावलंबी महिला समूहों द्वारा बनाए जा रहे प्रोडक्ट को प्लेटफार्म उपलब्ध कराने एवं समूहों द्वारा निर्मित वस्तुओं को शासकीय तथा जिले के उद्योगों के साथ टाईअप करते हुए लिस्ट उपलब्ध कराने को कहा। जिससे समूह द्वारा उनके मांग के अनुसार उनकी पूर्ति कर सके। भेलवाटिकरा में समूह द्वारा ईट निर्माण में प्रयुक्त फ्लाई ऐश की पूर्ति के लिए उद्योग विभाग को निर्देशित किया कि वे प्लांट में टाइअप के माध्यम से समूह को फ्लाईऐश उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जिले में सेंट्रिंग प्लेट निर्माण, टेक्सटाइल्स यूनिट, महिलाओं को हैवी ड्राइविंग जैसे अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी लेते हुये गतिविधियों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने उद्यानिकी विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। बताया गया कि वर्तमान में 100 बाडिय़ों का चयन किया जा चुका है। बीज आते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उद्यान विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि ओडसी किस्म के मुनगा पौधा वर्तमान में उपलब्ध है। साथ ही गेंदाफूल के पौधे तैयार है तथा अन्य सीड लगातार तैयार किए जा रहे है। मत्स्य विभाग की कार्यों की समीक्षा पर मत्स्य विभाग द्वारा बताया गया कि 60 गोठान में जिसमें 89 तालाब में 61 समूह द्वारा मछली पालन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से वन अधिकार पत्र प्राप्त हितग्राहियों के आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री सिंह ने वनधन संग्रहण केन्द्र के निर्माण की भी समीक्षा की। वहीं वनधन केन्द्र में संचालित किए जा रहे विभिन्न एक्टीविटी के संबंध में जानकारी लेते हुए एक्टीविटी को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। रेशम विभाग द्वारा बताया गया कि 200 हेक्टेयर से अधिक पर मनरेगा एवं विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है। ककून उत्पादन पर चर्चा करते हुए विभाग को निर्देश दिए कि मल्टी एक्टीविटी सेन्टर में जहां महिला समूह कोसा धागा निर्माण कार्य करने के लिए इच्छुक है वहां रिलिंग मशीन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए। जिससे वे अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. रवि मित्तल, डीएफ ओ धरमजयगढ़ श्री मणिवासगन एस, डीएफ ओ रायगढ़ श्री प्रणय मिश्र, सहायक कलेक्टर श्री प्रतीक जैन, उप संचालक रेशम श्री एस.एस.कंवर, कृषि अधिकारी श्री एल.एम.भगत सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
