कोरोना संक्रमित निकला जशपुर में पकड़ा गया रेप का आरोपी, पुलिसकर्मियों का भी कराया गया टेस्ट

कुनकुरी क्षेत्र के फरसाबहार बनगांव का मामला, मार्च में दर्ज हुआ था दुष्कर्म का केस, रायपुर से लौटने पर पुलिस ने घर से पकड़ा, अस्पताल में मेडिकल कराने ले गए तो चला पता

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर में दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकला है। पुलिस ने उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अस्पताल में मेडिकल कराया गया तो रैपिड टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कुनकुरी थाने के पूरे स्टाफ का टेस्ट कराया गया है।

फरसाबहार बनगांव निवासी संजय भगत के खिलाफ एक युवती ने मार्च में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से ही आरोपी फरार था। लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद आरोपी संजय अपने घर पहुंचा। इसकी जानकारी पुलिस को लगी तो गुरुवार रात उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट आई निगेटिव, थाने को कराया सैनिटाइज
बताया जा रहा है कि पूछताछ के बाद पुलिस उसे मेडिकल के लिए सरकारी अस्पताल में ले गई। वहां रैपिड जांच में संजय की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानेदार सहित सभी 24 पुलिसकर्मियों को रैपिड टेस्ट कराया गया। हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। पूरे थाने को भी सैनिटाइज कराया गया है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here