रायगढ़ । चंद्रपुर में इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा के एक दिन पहले बैकुंठ चतुर्दशी को चित्रोत्पला महानदी की महाआरती हुई। साध्वी प्रज्ञा के मार्गदर्शन व नेतृत्व में 9-9 पंडितों ने विधि-विधान से महाआरती संपन्न कराई। इसमें राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष नंदकुमार साय, सांसद गोमती साय सहित रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक, सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव आदि शामिल हुए।
चंद्रपुर में पिछले कई वर्षों से शरद पूर्णिमा पर महानदी की महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। साध्वी प्रज्ञा के मार्गदर्शन में विधि-विधान से यह आरती संपन्न की जाती रही है, जिसमें क्षेत्रवासियों के साथ विशिष्टजन शामिल होते हैं। इस साल भी बैकुंठ चतुर्दशी पर सोमवार की शाम महानदी (चित्रोत्पला) की महाआरती करने भारी भीड़ उमड़ी। साध्वी प्रज्ञा के मार्गदर्शन में मंच के दोनों ओर 9-9 पंडितों ने विधि-विधान से आरती संपन्न कराई। आरती में अध्यक्ष नंदकुमार साय, सांसद गोमती साय सहित रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक, सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, ओपी चौधरी, संयोगिता सिंह जूदेव सहित अन्य गणमान्य नागरिक व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। साध्वी प्रज्ञा सहित बुद्धिजीवियों ने विचार व्यक्त करते हुए नदी-तालाबों के संरक्षण पर बल दिया। इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञा ने लोगों को नदी-तालाबों क संरक्षण करने का संकल्प दिलाया।
जीवन के लिए नदी-तालाबों का संरक्षण जरूरी: प्रकाश नायक
कार्यक्रम के दौरान रायगढ़ के युवा विधायक प्रकाश नायक ने इस आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदूषण का सबसे अधिक प्रभाव नदी-तालाबों पर पड़ा है। ऐसे में इस तरह के आयोजन से लोगों में जागरूकता आएगी। उन्होंने कहा कि मानव जीवन के लिए नदी-तालाबों का संरक्षण बहुत जरूरी है। जल के बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों व योजनाओं की जानकारी भी दी।
