रायगढ़। रायगढ खेल संगठन के तत्वाधान में आयोजित जिला स्तरीय रायगढ क्रिकेट लीग प्रथम वर्ष 2020 का उद्घाटन समारोह आज दिनाँक 23 फरवरी 2020 को लाल मैदान में प्रातः 10 बजे मुख्य अतिथि श्री यशवंत कुमार कलेक्टर – रायगढ़ , कार्यक्रम अध्यक्ष श्री संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक – रायगढ़, विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रीति बैस, प्राध्यापक – शा. किरोड़ीमल महाविद्यालय रायगढ़ एवं विशिष्ट अतिथि श्री नसर सिद्दीकी, पूर्व क्रिकेटर व डी.एस.पी. रायपुर के मंच पर गरिमामयी उपस्थिति रही। समस्त अतिथियों का रायगढ़ खेल संगठन के सदस्यों द्वारा मंचासीन पुष्पगुच्छ व फूल माला से स्वागत व अभिनंदन किया गया।

उद्घटान समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री यशवंत कुमार जी स्वयं एक शानदार क्रिकेट खिलाड़ी हैं इस आयोजन की उन्होंने सरहना करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि ” खेल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत ही आवश्यक है और ड्यूज क्रिकेट खेलने का मजा ही कुछ और है। रायगढ़ खेल संगठन की सराहना करते हुए कहा कि “ड्यूज क्रिकेट को जीवित रखने और खिलाड़ियों के हितों के लिए ऐसी पहल की जरूरत थी और हमसे ड्यूज क्रिकेट के लिए जो भी हो सकेगा हम सहयोग करेंगे” कलेक्टर साहब ने खिलाड़ियों को ड्यूज क्रिकेट खेलने के लिए व टेक्निक व स्किल डेवलमेंट बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को आवश्यक ट्रिक्स व टिप्स दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि “जिले के सभी पुराने व नए खिलाड़ियों की नई सोच बहुत बढ़िया है और आजकल तो हर जगह केवल क्रिकेट ही छाया हुआ है। टेनिस क्रिकेट का ड्यूज क्रिकेट की अपेक्षा कम खेला जा रहा है और रायगढ़ में ड्यूज क्रिकेट का आयोजन बहुत कम होता है इसलिए खिलाड़ियों के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहना चाहिए”।
विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर से आये पूर्व क्रिकेटर व वर्तमान डीएसपी श्री नसर सिद्दीकी ने अपने उदबोधन में कहा की “मैं रायगढ़ को और क्रिकेट को बहुत मिस करता हूँ और आज इस समय ये जो आयोजन हो रहा है वो तारीफ के काबिल है”। नसर सिद्दीकी खुद एक क्रिकेटर रह चुके हैं इसलिए उन्होंने अपने क्रिकेट इतिहास की यादों को ताजा किया और खेल की बारीकियों को बताया और अपने कमियों को खिलाड़ी कैसे दूर करें उसके लिए लगातार प्रैक्टिस कर टेक्निक में सुधार करने के लिए जरूरी ट्रिक्स व टिप्स दिया। अपने सभी साथी खिलाड़ियों को देखकर अपनी खुशी जाहिर किया।
🔘 विशिष्ट अतिथि डॉ प्रीति बैस ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दिया और कॉलेज के लाल मैदान को सुव्यस्थित रखने के लिए क्रीड़ा अधिकारी श्री तापस चटर्जी के योगदान को सराहा। रायगढ़ के युवा क्रिकेटरों को बढ़ावा देने के लिए खेल संगठन की इस पहल की उन्होंने प्रशंसा किया।
राष्ट्र के सम्मान में हुआ राष्ट्रगान
टॉस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी अतिथियों , समिति के सदस्यों, खिलाड़ियों व उपस्थित दर्शकों ने राष्ट्र के सम्मान में राष्ट्रगान किया। ये लम्हा दर्शनीय रहा और सभी ने इस क्षण की सराहाना किया तत्पश्चात आज का पहला मैच संस्कार क्रिकेट अकाडमी और ओपीजेआईटी पूंजीपथरा रायगढ़ के मध्य प्रारम्भ हुआ।
लाल मैदान में बनाया गया है राष्ट्रीय स्तर का टर्फ विकेट
लाल मैदान में टर्फ विकेट बनाने के लिए डिग्री कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी श्री तापस चटर्जी की मेहनत किसी से छिपी नहीं है उन्होंने बेहतरीन टर्फ विकेट का निर्माण किया है। मैदान निर्माण से लेकर टर्फ विकेट के विषय में तापस चटर्जी का कहना है कि “हमने इस मैदान में दो विकेट राष्ट्रीय स्तर का बनाया हुआ है इसमें राज्य स्तरीय का टूर्नामेंट भी हो चुका है। इस विकेट में एक दिन में आराम से 40 -40 ओवरों का मैच खेला जा सकता है। ये पिच राष्ट्रीय स्तर का टर्फ पिच है। इस पिच पर घास है और तेज गेंदबाजों को इस विकेट से लाभ मिलेगा। इस विकेट को बनाने में तापस सर के नेतृत्व में मैदान का निर्माण अक्षय गुप्ता, खिलेश सिदार, अमित कुंवर, गगनदीप सिंह, सचिन चौहान, विवेकानंद, चेतन जायसवाल का योगदान सराहनीय है। आगे हम इस विकेट और मैदान पर और बढ़िया काम करेंगे”।
आज के मैच में ओपीजेआईटी क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 70 रनों पर पर ही ऑल आऊट हो गयी। संस्कार क्रिकेट अकादमी ने 8 वें ओवर में ही 3 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर सेमीफायनल में अपना स्थान बना लिया। इस मैच में संस्कार क्रिकेट अकादमी के कप्तान अमित कुंवर ने हैट्रिक विकेट लिया और 29 रन बनाकर इस मैच के मैन ऑफ द मैच बनें। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जिले के CSCS के एम्पायर विशाल सिंघानिया के हाथों से दिया गया और ब्वायज क्लब के पूर्व कप्तान मनीष ईजारदार ने एक हेलमेट उपहार देकर अमित कुंवर का सम्मान किया ।
मंच संचालन की भूमिका समिति के सह सचिव विकास पाण्डेय ने किया। उन्होंने बताया कि रायगढ़ खेल रायगढ़ में ड्यूज क्रिकेट को बढ़ावा देने, युवा खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन व सहयोग करने और खिलाड़ियों के खेल में निखार लाने के लिये समय – समय पर ड्यूज क्रिकेट का आयोजन होता रहे और खिलाड़ियों द्वारा अच्छा खेल प्रदर्शन कर रायगढ़ का नाम रौशन होता रहे इसी उद्देश्य और लक्ष्य को केंद्रित कर रायगढ़ के सभी वरिष्ठ क्रिकेटरों और खेल प्रेमियों ने मिलकर रायगढ़ खेल संगठन का गठन किया है।
रायगढ़ खेल संगठन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन रायगढ़ जिले के खेल गुरु श्री मुकेश चटर्जी व डिग्री कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी श्री तापस चटर्जी के विशेष संरक्षण में हो रहा है।
रायगढ़ खेल संगठन में जिले के वरिष्ठ क्रिकेटर व खेल प्रेमी राजेश वर्मा, असलम हुसैन, जावेद खान, विवेक वर्मा, चंद्रशेखर दास महंत, जोंटी शर्मा, संदीप अग्रवाल, मनीष उपाध्याय, नरेंद्र सिंह ठाकुर, महेश दधीचि, महेंद्र यादव, चंद्रेश यादव, मनीष ईजारदार, चन्द्रहास सिंह राजपूत, पवन शर्मा, राजा गोरख, रविन्द्र भियानी, अभिषेक गुप्ता, आशिक हुसैन, डब्बू शर्मा, सचिन मिश्रा, बृजेश सिंह, अरुण राठौर, हर्ष नायडू, सत्येंद्र राय, प्रिंकल दास, दीपक दास, जयदेव मित्रा व अनुज बानी उपस्थित रहे ।
इस प्रतियोगिता के निर्णायक समिति पैनल में सीएससीएस के एम्पायर विशाल सिंघानिया, महेश वर्मा रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध एम्पायर हिमांशु चावड़ा, मलय आईच, रोशन देवांगन व स्कोरर विनय साहू दीपक साहू शामिल हैं। उपरोक्त निर्णायक पैनल के द्वारा यह टूर्नामेंट आई.सी .सी. के नियमों के तहत खिलाया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता का खास आकर्षण लाइव स्कोरिंग की व्यवस्था है जिसे आप सभी cricheros एप्प से देख सकते हैं ।
कल का मैच प्रातः 9 बजे धरमजयगढ़ क्रिकेट क्लब और गुरुकुल क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा। ड्यूज क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए रायगढ़ खेल संगठन ने शहरवासीयों से मैच देखने के लिए लाल मैदान आने के अपील किया है।




















