खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दूल्हे सहित 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा खंडवा से बैतूल मार्ग पर मेहलू के पास हुआ। हादसे में दो दर्जन से अधिक बारातियों के भी घायल होने के समाचार हैं।
हादसे के बाद वन मंत्री विजय शाह ने घटना की जानकारी ली और सरकार से मदद का भरोसा दिलाया है। घटना के बाद मौके पर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह भी पहुंच गए थे। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। खंडवा कलेक्टर भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर गए और जायजा लिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक को अचानक झपकी लग जाने के कारण वो वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बड़ा हादसा हो गया।
सेहरा लेकर घूमते रहे पिता
बारातियों से भरी ट्राली पलटने के बाद हादसे में दूल्हे की भी मौत हो गई। हादसे के बाद पिता अपने हाथों में दूल्हे का सेहरा लेकर घूमता रहा। हर किसी का रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों का बुरा हाल
एक के बाद एक अस्पताल में घायलों के पहुंचने के कारण चीख पुकार मच गई थी। सभी लोग बारात में जा रहे थे। हादसे में दूल्हे की भी मौत हो गई है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
70 बाराती भरे थे ट्रॉली में
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ट्रैक्टर ट्राली में 70 के करीब बाराती बैठे थे। इनमें से दो दर्जन घायल हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की भयावहता को देख मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
फैल गया था खून
हादसा जिस जगह हुआ उस स्थान पर खून ही खून फैल गया था। जिसने भी यह हृदय विदारक हादसा देखा वो सहम गया। हादसे के बाद काफी देर तक चीख-पुकार मचती रही। हादसे में बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
दुर्घटना में मृतक
1. भगवती बाई पति सलकराम मोजवाड़ी
2. दूल्हा- कुंवर सिंग पिता सुखराम
3. सूरजबाई गोविंद
4 बुधिया बाई पति भागीरथ
5. तुलसा बाई पति हीरा
6. गोपीबाई पति गंगाराम प्रतापपुरा हरसूद
यह हैं गंभीर घायल
1. रूपवती 12 वर्ष निवासी गुलाई
2. शांताबाई पति मज्जूलाल कोरकू 30 निवासी भरतपुर बैतूल
3. गंगाबाई पिता बाबू 30 वर्ष मोजवाड़ी
4. गागई बाई पति सुखराम कोरकू 35 वर्ष मोजवाड़ी
5. श्यामवती पिता सीताराम मोजवाड़ी
6. समोनी पिता अमरसिंह मौजवाड़ी
