खरसिया के बड़े देवगांव में 62 वर्षीय महिला को बनाया था निशाना, 30 हजार नकद, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी लेकर हुआ था फरार; पुलिस ने बाइक, हथौड़ी और डंडा किया जब्त
रायगढ़, 5 नवंबर। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव में घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आधी रात घर में घुसकर आलमारी और संदूक तोड़ा तथा नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। महिला के जागने और विरोध करने पर उसने बांस के डंडे से सिर और हाथों पर हमला कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62) घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर आलमारी से सामान निकाल रहा था। आहट सुनकर महिला की नींद खुली और उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने उनके सिर और दोनों हाथों पर डंडे से वार कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपए नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया।
उधारी के 4500 रुपए नहीं मिले तो बनाई लूट की योजना
मामले की जांच के दौरान पुलिस को ग्राम बोरदी निवासी नागेश कुमार गवेल (29) पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना की रात वह डेमलाल उरांव के घर 4500 रुपए उधार मांगने गया था, लेकिन रुपये नहीं मिलने पर लौट आया। इसके बाद उसने लूटपाट की योजना बनाई। उसे जानकारी थी कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं और उनके मकान में पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट से चढ़कर अंदर घुसा और हथौड़ी से आलमारी व संदूक तोड़ने लगा।
3 हजार रुपए, हथौड़ी, डंडा और बाइक जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 3 हजार रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा और हथौड़ी बरामद की है। घटना में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपी ने बाकी 25 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर नरवा मुक्तिधाम के पास छिपाने की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस की तलाश के बावजूद ये सामान बरामद नहीं हो सके।
खरसिया पुलिस ने आरोपी नागेश कुमार गवेल, निवासी ग्राम बड़े बोरदी को 4 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता से आरोपी की पहचान कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष कराई गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की।
















