चक्रधरनगर के पंडरीपानी और छाल में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री भी जब्त
रायगढ़, 3 नवंबर। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन अंकुश” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत चक्रधरनगर और छाल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों में दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 48 हजार 800 रुपये नकद, ताश की गड्डियां और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पंडरीपानी में काटपत्ती खेलते दो गिरफ्तार
चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि पंडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के निर्देश पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि प्रवीण कुमार निषाद (37), निवासी चिरजीवीदास नगर और अजय कुमार कुसराम (43), निवासी पंडरीपानी पूर्व को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से 24 हजार 800 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक चटाई जब्त की गई।
छाल में दो जुआ फड़ों पर एक साथ कार्रवाई
इधर, छाल पुलिस ने ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे और प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पहले जुआ फड़ से मुकेश कुमार साहू, दुरबिन लाल यादव, सुरेन्द्र कुमार नायक, विरेन्द्र उर्फ दामोदर और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 12 हजार 450 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
वहीं दूसरे जुआ फड़ से पंचम सिंह गोंड, राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर, दीपक पटेल और ललेश चन्द्रा को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 11 हजार 550 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एसएसपी ने दी अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक और आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देती हैं। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से जिले में कहीं भी जुआ-सट्टा संचालित होने की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















