शराब और पार्टी के लिए चुराई दो पल्सर बाइक, घरघोड़ा पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार

CISF कार्यालय गेट और धरमजयगढ़ के ओंगना से चोरी हुई बाइक बरामद, नंबर प्लेट तोड़कर और रंग बदलकर छिपाई थी पहचान; तीसरा आरोपी फरार

रायगढ़, 11 नवंबर। शराब और पार्टी के लिए पैसों का इंतजाम करने दो युवकों ने बाइक चोरी का रास्ता अपनाया, लेकिन घरघोड़ा पुलिस की सतर्कता से उनका खेल ज्यादा दिन नहीं चल सका। पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइकों की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को CISF इकाई NTPC तिलाईपाली में पदस्थ नीलम संजीव बेक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा CISF कार्यालय के गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर बाइक क्रमांक CG-04-LF-3373 अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने बाइक चोरों की पतासाजी के लिए टीम गठित की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर 10 नवंबर को पुलिस ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों सुकसागर राठिया (20 वर्ष), निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20 वर्ष), निवासी नेगीपारा को हिरासत में लिया। दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

नंबर प्लेट तोड़ी, इंजन नंबर मिटाया और बदल दिया रंग

पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर CISF कार्यालय के सामने से पल्सर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम ओंगना से भी एक पल्सर चोरी की थी। आरोपियों ने बताया कि चोरी की बाइक से शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करना था। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने दोनों बाइकों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी और इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, सफेद-काले रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी पहचान भी बदल दी थी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों चोरी की पल्सर बाइक बरामद कर जब्त कर ली हैं। साक्ष्य मिटाने के प्रयास के चलते प्रकरण में धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर पुलिस की पैनी नजर है। चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोहों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here