स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ में 14 अगस्त को होगी ‘स्वतंत्रता दौड़

<strong>रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर से शुरू होकर चक्रधर चौक एवं सिग्नल चौक होते हुए स्टेडियम में होगा समापन
400 से 500 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा, राष्ट्रभक्ति, एकता और स्वस्थ जीवनशैली का दिया जाएगा संदेश
रायपुर, 11 अगस्त 2026.</strong> स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से 14 अगस्त को ‘स्वतंत्रता दौड़’ का आयोजन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस के सदस्यों तथा अधिकारी-कर्मचारियों सहित लगभग 400 से 500 प्रतिभागी शामिल होंगे।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ ही युवाओं एवं आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और खेल भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
<strong>सुबह 8 बजे रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर से होगी शुरुआत</strong>
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 अगस्त को सुबह 8 बजे स्वतंत्रता दौड़ रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर से प्रारंभ होगी। प्रतिभागी बोईरदादर से चक्रधर चौक होते हुए सिग्नल चौक की ओर जाएंगे। निर्धारित मार्ग से वापस लौटते हुए चक्रधर चौक के रास्ते पुनः रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर पहुंचेंगे, जहां दौड़ का समापन होगा।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और स्वच्छता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
पुलिस, स्वास्थ्य एवं नगर निगम को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां
स्वतंत्रता दौड़ के दौरान पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य दौड़ के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखना और प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजन स्थल एवं निर्धारित मार्ग पर एंबुलेंस सहित चिकित्सा दल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रतिभागियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। नगर निगम द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं दौड़ के मार्ग पर पेयजल के लिए पानी टैंकर की व्यवस्था करने के साथ साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाई जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी को विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्राचार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे जिले के स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की स्वतंत्रता दौड़ में व्यापक भागीदारी होगी।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों का समय पर निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि 14 अगस्त को आयोजित होने वाली स्वतंत्रता दौड़ उत्साहपूर्ण माहौल में सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here