आंध्र में तूफान ‘अर्नब’ की तबाही, 3 की मौत; 57 हजार लोग शिफ्ट

135 किमी की रफ्तार से चली हवाएं, 31 घर क्षतिग्रस्त; 50 ट्रेनें और 21 फ्लाइट्स रद्द, ओडिशा के 16 जिलों में स्कूल बंद

विशाखापट्टनम। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद तबाही मचा रहा है। तूफान के असर से राज्य में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 घरों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने एहतियातन करीब 57 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा-विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से जुड़ी 21 फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।

तूफान के दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश होने की जानकारी सामने आई है। विशाखापट्टनम में करीब 18 घंटे के दौरान 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यह आंकड़ा जुलाई में होने वाली औसत बारिश 133 मिमी से डेढ़ गुने से भी अधिक है।

ओडिशा के 16 जिलों में स्कूल बंद

तूफान और भारी बारिश का असर पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी देखने को मिल रहा है। यहां 16 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में राहत एवं बचाव के लिए करीब 4,000 साइक्लोन शेल्टर तैयार किए गए हैं। प्रशासन प्रभावित इलाकों में हालात पर नजर रखे हुए है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here