पुसौर पुलिस की नाकेबंदी में पकड़ा गया गांजा तस्कर, खरीदार ने 14,850 ट्रांसफर कर मंगाया था गांजा; दोनों आरोपी जेल भेजे गए
रायगढ़, 26 अक्टूबर। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सप्लायर और खरीदार, दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.893 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और खरीदार के दो मोबाइल फोन सहित करीब 2 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ओडिशा की ओर से मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लब सा (30 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा, हाल मुकाम चंद्रपुर, जिला सक्ती बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे काले बैग से तीन पैकेट में 2.893 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BR 3641, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, भी जब्त कर ली। मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 267/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोबाइल पर संपर्क कर मंगाया था गांजा, ₹14,850 किए ट्रांसफर
विवेचना के दौरान पुलिस को गांजा मंगाने वाले खरीदार के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि राजू ने मोबाइल फोन के माध्यम से लब सा से संपर्क कर करीब तीन किलो गांजा मंगाया था। इसके एवज में उसने कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से 14,850 रुपये ट्रांसफर किए थे।
पुलिस ने खरीदार राजू दास महंत के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, मॉडल V2029 और Vivo T4 Lite 5G, जब्त किए हैं। दोनों मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल करीब 2.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक टिकेन्द्र चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक अमित तिर्की और श्यामदास महंत तथा आरक्षक महेश चौहान, तारिक अनवर और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सप्लायर और खरीदार, दोनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी पुलिस को देकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।



















