ढिमरापुर चौक पर ब्रेजा में छिपाकर रखी थी अफीम, 20 साल का युवक गिरफ्तार

ऑपरेशन आघात में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई; कार की सीट के नीचे मिला 47 ग्राम अफीम, ₹8.10 लाख का माल जब्त

रायगढ़। शहर में नशे के कारोबार पर चोट करते हुए कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर चौक के पास एक ब्रेजा कार से 47 ग्राम अफीम बरामद की है। कार में अफीम छिपाकर ग्राहक की तलाश कर रहे 20 वर्षीय अमरजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अफीम और ब्रेजा कार समेत कुल ₹8.10 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास सिल्वर रंग की ब्रेजा कार क्रमांक CG 13 AQ 4225 में अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशा जा रहा है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर रामभांठा-जगतपुर निवासी अमरजीत सिंह को पकड़ा। तलाशी में कार की ड्राइवर सीट के नीचे काली प्लास्टिक पन्नी में छिपाकर रखी गई 47 ग्राम अफीम मिली, जिसकी कीमत करीब ₹10 हजार बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात कही। पुलिस ने करीब ₹8 लाख कीमत की ब्रेजा कार भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश: नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से नशे की खरीद-बिक्री की सूचना देने की अपील की है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here