सीमेंट से भरे ट्रक ने स्कूली बच्चों की वैन को मारी जोरदार टक्कर, 19 बच्चे थे सवार; कई घायल, 4 रायगढ़ रेफर

घरघोड़ा के टेरम बायपास में हादसा, दो बच्चों को गंभीर चोट; ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
रायगढ़।
जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम ढोरम के पास टेरम बायपास में सीमेंट से भरे ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरी वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शिशु मंदिर घरघोड़ा के करीब 19 विद्यार्थी वैन में सवार थे। इसी दौरान टेरम बायपास के पास सीमेंट से भरे ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्राम टेरम के सरपंच प्रदीप राठिया ने ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे और घायल बच्चों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी को घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।

घरघोड़ा बीएमओ डॉ. एसआर पैंकरा अपनी मेडिकल टीम के साथ घायलों के उपचार में जुटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घायलों में से चार बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया जा रहा है। हादसे की खबर से अभिभावकों में चिंता और दहशत का माहौल है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here