ग्राम डुंगा और रेकावाया के जंगलों में सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान, मशीनरी और तकनीकी सामग्री बरामद; शांति और सुरक्षा बनाए रखने जारी रहेगी कार्रवाई
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने ग्राम डुंगा और रेकावाया के जंगल क्षेत्र में अभियान चलाकर ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, बेंच ग्राइंडर सहित बड़ी संख्या में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
जंगल में छिपाकर रखे गए थे मशीनरी उपकरण
सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को 2 ड्रिल मशीन, 2 वेल्डिंग मशीन, एक कटर मशीन, 3 ब्लोअर, एक बेंच ग्राइंडर, एक टेबल ड्रिल मशीन और 2 टेबल ग्राइंडर मिले। इसके अलावा वेल्डिंग होल्डर, वायरिंग बोर्ड, मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, बाइंडर, रॉकेट सेट, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस सहित कई अन्य तकनीकी उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा और शांति बनाए रखने अभियान जारी
नारायणपुर पुलिस के अनुसार, नक्सल मुक्ति के बाद भी क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सर्चिंग की जा रही है। सुरक्षा बलों का उद्देश्य अंदरूनी क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल मजबूत करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के संवेदनशील और जंगल क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















