कांकेर के जंगल में मिला नक्सलियों का डम्प, भरमार बंदूक और डेटोनेटर बरामद

कोयलीबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त सर्चिंग में मिली सफलता, मौके पर ही नष्ट किए गए विस्फोटक।

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का डम्प बरामद किया गया है। इसमें भरमार बंदूक, आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, गन पाउडर, डेटोनेटर सहित अन्य नक्सली सामान मिला है।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प मिला। तलाशी लेने पर एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर और दो डेटोनेटर बरामद किए गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आईईडी और अन्य विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर एसपी निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here