पत्थलगांव के पालीडीह में जिंदल बजाज शोरूम के पास हुआ हादसा, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया।
जशपुर। जिले के पत्थलगांव में नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने जमकर उत्पात मचाया। अनियंत्रित कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि शोरूम के कर्मचारी और आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शोरूम के पास की है। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार में चार युवक सवार थे और सभी नशे की हालत में थे। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में लेते हुए टक्कर मार दी। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों को भी हादसे का खतरा उठाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार सवार एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर और घटनाक्रम कैद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


















