26 शीशी प्रतिबंधित सिरप जब्त; ₹41,247 की नशीली दवा बरामद
रायगढ़, 26 नवंबर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में घरघोड़ा पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री करने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित ONEREX कफ सिरप, कुल 2600 एमएल, कीमत ₹41,247 जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24-25 नवंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर घरघोड़ा-लैलूंगा रोड स्थित ढोरम बाईपास तिराहा के पास ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान कन्हैया यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम केनापारा, थाना लैलूंगा और तेज राम यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम कोनपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कन्हैया यादव के पास से 17 शीशी और तेज राम यादव के कब्जे से 9 शीशी ONEREX कफ सिरप बरामद हुई। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप थी। जब्त सिरप में कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड शामिल है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 367/2026, धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक हरीश पटेल और भानू चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले कारोबारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



















