शासकीय जमीन पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा में पटवारी को गाली देकर डंडे और हाथ-मुक्कों से पीटा, शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला; दूसरा आरोपी फरार

रायगढ़, 26 नवंबर। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घरघोड़ा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में गैर जमानतीय धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी (37 वर्ष) ग्राम रायकेरा स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे थे। वे पटवारी हल्का नंबर 08 ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। 24 नवंबर को तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा क्षेत्र के ग्राम नयारामपुर में मौका निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।

निरीक्षण में पाया गया कि प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी निवासी तिलाईपाली द्वारा शासकीय भूमि पर शेड निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार ने भी फोन पर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा।

आरोप है कि मौके से लौटते समय प्यारीलाल गुप्ता ने पटवारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों व डंडे से मारपीट की। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की। आरोपियों ने शासकीय सेवक के साथ दुर्व्यवहार कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

घटना की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

विवेचना के दौरान 25 नवंबर को घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। इस दौरान विजय गुप्ता (53 वर्ष), पिता बैरागी गुप्ता, निवासी ग्राम रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना घरघोड़ा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में बाधा डालने तथा शासकीय सेवकों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना और शासकीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here