बड़े मदनपुर घाट पर तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा, घायल चालक अस्पताल में भर्ती
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट पर 8 नई कारों से लदा एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर के साथ उसमें लोड सभी 8 नई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में कंटेनर चालक को चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर के लिए 8 नई कारें लेकर रवाना हुआ था। इसी दौरान बड़े मदनपुर घाट के पास तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी-भरकम कंटेनर सड़क से नीचे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर के परखच्चे उड़ गए और उसमें लोड सभी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल चालक को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















