दीपावली पर रायगढ़ में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, कई मार्गों पर वन-वे और चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद

यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, 5 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था; व्यापारियों से दुकान के सामने गार्ड तैनात करने की अपील

रायगढ़। दीपावली पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर एकांगी यातायात व्यवस्था लागू की गई है। वहीं कुछ स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ग्राहकों की सुविधा के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

यातायात पुलिस ने व्यापारी बंधुओं, गणमान्य नागरिकों और ग्राहकों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने वालंटियर या गार्ड तैनात कर अव्यवस्थित पार्किंग नियंत्रित करने, दुकानों का सामान बाहर नहीं रखने और कर्मचारियों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की गई है।

इन 5 स्थानों पर होगी पार्किंग

ग्राहकों की सुविधा के लिए यातायात विभाग ने अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

  1. सावड़िया भवन प्रांगण
  2. गांधी गंज परिसर
  3. रामलीला मैदान
  4. नगर निगम कॉम्प्लेक्स (पुराना जिला शिक्षा कार्यालय)
  5. श्याम टॉकीज परिसर

इन मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित

शहर में यातायात के सुचारू संचालन के लिए निम्न मार्गों पर एकांगी यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

  1. हण्डी चौक से हटरी चौक मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित।
  2. केवड़ाबाड़ी चौक से हटरी चौक मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित।
  3. गौरीशंकर मंदिर तिराहा से न्यू मार्केट तिराहा की ओर प्रवेश प्रतिबंधित।
  4. मालधक्का तिराहा से गांधी प्रतिमा तिराहा की ओर प्रवेश प्रतिबंधित।

इन 5 स्थानों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट

यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए गांधी प्रतिमा, रेलवे स्टेशन चौक, शहीद चौक, गोगा राइस मिल और गद्दी चौक पर डायवर्सन पॉइंट बनाए गए हैं।

इन स्थानों पर चारपहिया वाहनों की नो एंट्री

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति रोकने के लिए गांधी प्रतिमा, गोगा राइस मिल, हण्डी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) और गद्दी चौक पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली की खरीदारी के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात विभाग के निर्देशों का पालन करें, ताकि त्योहार के दौरान शहर में जाम की स्थिति न बने और सभी लोग सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से खरीदारी कर सकें।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here