रायगढ़, 10 अगस्त। टूल्लू पंप चोरी के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया टूल्लू पंप भी बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कटंगडीह निवासी महेन्द्र प्रधान (39) ने 9 अगस्त 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 8 अगस्त की शाम करीब 7 बजे से 9 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच उसके घर के कुएं में लगा एक टूल्लू पंप अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। चोरी गए पंप की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 252/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने क्षेत्र के सक्रिय मुखबिरों को आरोपी की पतासाजी में लगाया। इसी दौरान पुलिस को ग्राम कटंगडीह निवासी श्याम सुंदर राठिया के चोरी में संलिप्त होने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कटंगडीह की बस्ती गली में घेराबंदी कर श्याम सुंदर राठिया (34), पिता परमेश्वर राठिया, निवासी कटंगडीह को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के दिन टूल्लू पंप चोरी करना स्वीकार किया।
घर के पीछे बाड़ी से बरामद हुआ चोरी का पंप
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के पीछे स्थित बाड़ी की तलाशी ली, जहां से चोरी किया गया एक नग टूल्लू पंप, कीमत करीब ₹4,000 बरामद कर जब्त किया गया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को 9 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना घरघोड़ा के सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, आरक्षक यशवंत यादव एवं आरक्षक रामकृष्ण रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने के साथ ही चोरी की संपत्ति भी बरामद कर ली गई।




















