बालोद में एक ही दिन में दो चीतलों की मौत, एक गर्भवती मादा को कुत्तों ने नोंचा, दूसरा जलाशय में मिला मृत

बीएसपी हॉस्पिटल के पास कुत्तों के हमले से घायल हुई 2 साल की मादा चीतल ने इलाज से पहले तोड़ा दम, गोंदीली जलाशय में तैरता मिला नर चीतल का शव

बालोद। जिले में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो चीतलों की मौत हो गई। सुबह दल्लीराजहरा में कुत्तों के हमले से घायल एक गर्भवती मादा चीतल ने दम तोड़ दिया, वहीं शाम को डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र के गोंदीली जलाशय में एक नर चीतल का शव पानी में तैरता मिला। एक ही दिन में दो वन्यजीवों की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम कराने के बाद चीतलों का अंतिम संस्कार करवा दिया।

कुत्तों के हमले में घायल हुई गर्भवती चीतल

पहली घटना दल्लीराजहरा नगर क्षेत्र की है। रविवार सुबह बीएसपी हॉस्पिटल के पास करीब दो वर्ष की गर्भवती मादा चीतल पर कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में चीतल गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम कराकर उसका अंतिम संस्कार किया गया।

गोंदीली जलाशय में तैरता मिला नर चीतल का शव

दूसरी घटना डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र की है। रविवार शाम गैंजी गांव के पास स्थित गोंदीली जलाशय में मछुआरों ने एक नर चीतल का शव पानी में तैरते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को जलाशय से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। सोमवार सुबह नर चीतल का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

फिलहाल दोनों चीतलों की मौत के मामलों में वन विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की गई है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here