स्कूल जाने से मना करने पर बच्ची ने दादी को बताई आपबीती, दूसरे बच्चे के साथ कमरे में ले जाकर शिक्षक पर अश्लील हरकत करने का आरोप
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। प्राथमिक शाला में पदस्थ 52 वर्षीय शिक्षक पर करीब 6 साल 4 माह की मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। बच्ची की दादी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को बच्ची की दादी ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि जब उसने अपनी नातिन को स्कूल जाने के लिए कहा तो बच्ची ने स्कूल जाने से मना कर दिया। बार-बार पूछने पर मासूम ने 12 नवंबर की घटना बताई। बच्ची के मुताबिक, दोपहर में स्कूल के शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे। वहां शिक्षक कुर्सी पर बैठा और उसने अपना निजी अंग दिखाया।
मासूम की बात सुनकर दादी ने गांव के प्रमुख लोगों को इसकी जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला को थाना घरघोड़ा जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद महिला के लिखित आवेदन पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट, निवासी ग्राम ठूसेकेला थाना खरसिया, हाल मुकाम घरघोड़ा क्षेत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस संवेदनशील मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।



















