धरमजयगढ़ के जंगल में जुआ खेल रहे 6 जुआरी गिरफ्तार, 3.22 लाख की संपत्ति जब्त

CSP राहुल उईके के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम की दबिश; ₹22,180 नकद, 7 मोबाइल और 4 मोटरसाइकिल जब्त

रायगढ़, 26 अक्टूबर। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से ₹22,180 नकद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल सहित कुल ₹3,22,180 की संपत्ति जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

जंगल में चल रहा था जुए का फड़, संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में थाना साइबर, पुलिस लाइन रायगढ़ और थाना धरमजयगढ़ की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में सूचना की तस्दीक कर घेराबंदी की। इस दौरान छह आरोपी 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से नकदी और अन्य सामान जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

नकदी, 7 मोबाइल और 4 बाइक जब्त
पुलिस ने जुआ फड़ से ₹22,180 नकद, 7 मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इनमें तीन मोटरसाइकिलों के पंजीयन नंबर CG 13 BC 4286, CG 13 AM 3427 और CG 13 AR 5149 हैं, जबकि एक बिना नंबर की डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹3,22,180 आंकी गई है।

मामले में थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इसके अलावा सभी छह आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अमित केरकेट्टा (30 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़; स्वरूप टोप्पो (22 वर्ष), निवासी कांसाबेल; जोगेंद्र एक्का (40 वर्ष), निवासी दर्रीडीह; वृंदावन गुप्ता (35 वर्ष), निवासी दर्रीडीह; सुरेश सारथी (36 वर्ष), निवासी शाहपुर; और नारायण बाईन (50 वर्ष), निवासी बेहरापारा शामिल हैं।

संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, श्याम देव साहू सहित थाना साइबर, पुलिस लाइन रायगढ़ की विशेष टीम और थाना धरमजयगढ़ के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here