सुबह 5 बजे अचानक भड़की आग ने कुछ ही देर में पूरे वाहन को लिया चपेट में, दमकल की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लिमहाटोला गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय ड्राइवर वाहन के अंदर ही सो रहा था। आग की लपटें उठती देख ड्राइवर ने तत्काल गाड़ी से छलांग लगा दी और किसी तरह अपनी जान बचाई। हालांकि, देखते ही देखते आग ने पूरी हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर ने हाइवा को लिमहाटोला गांव के पास सड़क किनारे खड़ा किया था और रात में उसी के अंदर सो गया था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक वाहन में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी और पूरी गाड़ी धुएं व लपटों से घिर गई। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने बिना देर किए वाहन से बाहर छलांग लगा दी। उसकी सूझबूझ और तत्परता से जान बच गई।
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और डौंडी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुकी थी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डौंडी पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

















