शराब के नशे में विवाद के बाद लोहे के पाइप से पीटकर की थी हत्या, डेढ़ साल बाद आरोपी को उम्रकैद

शराब भट्ठी के पास हुए विवाद में सिर और माथे पर किए थे कई वार, तत्कालीन टीआई मुकेश सिंह की टीम ने जुटाए थे अहम साक्ष्य; विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने की पैरवी
बालोद।
शराब पीने के बाद हुए विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या करने के मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। करीब डेढ़ साल पहले हुई इस वारदात में आरोपी ने लोहे के पाइप से युवक के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस की सूक्ष्म विवेचना, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी साबित किया गया।

मामले के अनुसार, 10 जून 2025 को प्रार्थी मोहित निषाद निवासी लोहारा ने थाना डौंडीलोहारा में सूचना दी थी कि विजय बघेल का ग्राम भालूकोनहा निवासी जालम आमदो के साथ शराब भट्ठी लोहारा के पास विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि जालम आमदो ने लोहे के पाइप से विजय बघेल के सिर और माथे पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण विजय बघेल की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग एवं अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप को जब्त कर रासायनिक जांच के लिए भेजा गया। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु होना तथा मौत की प्रकृति हत्यात्मक होना प्रमाणित हुआ।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच को आधार बनाकर आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस की प्रभावी जांच के परिणामस्वरूप आरोपी को न्यायालय में दोषी साबित करने में सफलता मिली।

मामले में राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने पैरवी की। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। डेढ़ साल पहले हुई हत्या के इस मामले में आए फैसले को पुलिस की सटीक विवेचना का परिणाम माना जा रहा है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here