डीपीएस स्कूल के पास नेशनल हाईवे पर हुआ भीषण हादसा, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायल का इलाज जारी
राजनांदगांव। जिले में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। डीपीएस स्कूल के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, झंडा तालाब निवासी 26 वर्षीय रवि कुमार अपने साथी लोकेश कुमार निवासी परगांव के साथ मंगलवार रात बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस स्कूल के समीप उनकी बाइक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे रवि कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि लोकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल लोकेश को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


















