एआई से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश, जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार

आबकारी विभाग के अधिकारियों को दस्तावेज सत्यापन के दौरान हुआ शक, पूछताछ में एआई तकनीक से नकली सरकारी आदेश तैयार करने का खुलासा

दुर्ग। जब्त मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर कलेक्टर के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार करना दो आरोपियों को भारी पड़ गया। फर्जी आदेश लेकर आबकारी नियंत्रण कक्ष पहुंचे दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से कूटरचित दस्तावेज और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, 4 नवंबर को भोजराम रतललाकर ने भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर निवासी जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40) सेक्टर-1 स्थित आबकारी नियंत्रण कक्ष पहुंचे थे।

दोनों ने वर्ष 2025 के एक आबकारी प्रकरण में जब्त होंडा डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 5687 को सुपुर्दनामा पर लेने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी आदेश प्रस्तुत किया। अधिकारियों को दस्तावेज के सत्यापन के दौरान आदेश संदिग्ध लगा। जांच में आदेश पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाया गया।

इसके बाद शिकायत पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने एआई तकनीक की मदद से नकली शासकीय आदेश तैयार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here