पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक; गिरफ्तार आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल
रायगढ़। जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर बाइक के साथ दो आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी के साथ संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक
पूंजीपथरा पुलिस की जांच में चोरी का एक संगठित तरीका सामने आया। तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार बघेल की पल्सर 125 बाइक चोरी होने की रिपोर्ट 2 नवंबर को दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर के जंगल में मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच में राजू चौहान और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में बाइक और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी रात के समय घूमकर मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल की बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से कुल 9 मोटरसाइकिलें तथा 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने करीब 6 लाख 12 हजार रुपये कीमत की 9 बाइक और दो मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में पल्सर, फैशन प्रो, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन सहित अन्य बाइक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक चोरी और तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
चोरी की पल्सर को मॉडिफाई कर बेचने की थी तैयारी
दूसरी कार्रवाई में लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ग्राम सराईटोला निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने 29 अक्टूबर को अपनी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड के मेन रोड किनारे खड़ी की गई थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की बाइक अपने पास रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बाइक चोरी कर उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव करते हुए मॉडिफाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने करीब 80 हजार रुपये कीमत की पल्सर बाइक बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी बोले- वाहन चोरों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की टीमों ने बेहतर सूचना तंत्र और आपसी समन्वय से दो गिरोहों का पर्दाफाश कर 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
















