कबरा हाथी का आतंक, ग्रामीणों में दहशत; सुरक्षा के मद्देनजर उदयपुर क्षेत्र के 20 स्कूलों में छुट्टी घोषित

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कबरा हाथी को काबू में करने की वन विभाग की कोशिश लगातार चौथे दिन भी नाकाम रही। हाथी को ट्रेंकुलाइज करने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। कबरा हाथी की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, उदयपुर क्षेत्र में 18 हाथियों का दल भी विचरण कर रहा है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने करीब 20 स्कूलों में आगामी आदेश तक छुट्टी घोषित कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी को बेहोश कर काबू में करने के लिए वन विभाग की टीम पिछले चार दिनों से अभियान चला रही है। इसके बावजूद हाथी को ट्रेंकुलाइज नहीं किया जा सका है। लगातार असफलता के बीच वन विभाग का अमला अलर्ट पर है और हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

इधर, उदयपुर क्षेत्र के तेंदुटिकरा और सरमा जंगल के बीच 18 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में खतरा बना हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने करीब 20 स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है।

वन विभाग की टीमें हाथियों की निगरानी के साथ उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने का प्रयास कर रही हैं। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों के करीब न पहुंचने की सलाह दी गई है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here